यूपी-बिहार क्रिकेट महासंग्राम का फाइनल में गोपालगंज की जीत।

कृष्ण मोहन शर्मा, March 1, 2026

Views127

गुठनी(सिवान) A to Z स्टार क्रिकेट क्लब गुठनी द्वारा आयोजित बिहार-यूपीक्रिकेट महासंग्राम टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रविवार को एलएमटी कॉलेज के मैदान बिहार के गोपालगंज और यूपी के गढ़वा के बीच खेला गया। आयोजन समिति के अध्यक्ष चुन्नू हाशमी की देखरेख में पूरे टूर्नामेंट का सफल संचालन किया गया। फाइनल मैच को लेकर सुबह से ही खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल रहा और मैदान दर्शकों से खचाखच भरा रहा। फाइनल का यह रोमांचक मुकाबला गोपालगंज और गढ़वा के बीच 16-16 ओवर का खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए गोपालगंज की टीम ने निर्धारित 16 ओवर में 155 रन बनाकर ऑल आउट हो गयी। गोपालगंज टीम की ओर से मध्यक्रम के बल्लेबाजों ने आक्रामक पारी खेलते हुए स्कोर को सम्मानजनक स्थिति तक पहुंचाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी गढ़वा की टीम ने शुरुआत तो संभलकर की लेकिन नियमित अंतराल पर विकेट गिरने से टीम दबाव में आ गई। निर्धारित 16 ओवर में गढ़वा की टीम 125 रन ही बना सकी। इस प्रकार गोपालगंज ने 30 रन से शानदार जीत दर्ज करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया।

फाइनल मुकाबले के मुख्य अतिथि मुखिया ललन राय एवं मुखिया तनबीर अहमद रहे। चेयरमैन राजेश कुमार गुप्ता, पूर्व प्रमुख बबन यादव, कामोद प्रसाद नारायण सिंह उर्फ सुबोध बाबू, मुखिया रणजीत कुशवाहा,वार्ड पार्षद दिलीप सिंह,अरबिंद यादव,शिक्षक राजनाथ राम,मुखिया प्रतिनिधि उदय राम व मुन्ना कुशवाहा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। विजेता टीम को पुरस्कार स्वरूप हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल प्रदान की गई, जबकि उपविजेता टीम को 25 हजार रुपये नगद पुरस्कार दिया गया। मैन ऑफ द मैच एवं मैन ऑफ द सीरीज के खिलाड़ियों को भी ट्रॉफी और सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया।